Seraikella : ईचागढ़ में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ देर रात संयुक्त अभियान, तीन वाहन जब्त

उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने सोमवार देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध संयुक्त जांच एवं छापामारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान अनियमितता पाए जाने पर एक हाइवा और दो ट्रैक्टर समेत कुल तीन वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी, ईचागढ़ की संयुक्त टीम ने पातकुम क्षेत्र में बालू एवं पत्थर खनिज के परिवहन की सघन जांच की। इस दौरान खनिज लदे वाहनों के परिवहन चालान तथा खनिज की मात्रा का सत्यापन किया गया।
जांच के क्रम में पातकुम चौक के समीप पत्थर खनिज से लदे हाइवा (वाहन संख्या JH05CF0396) में परिवहन चालान में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन किए जाने की बात सामने आई। वहीं, बालू से लदे दो ट्रैक्टर बिना वैध परिवहन चालान के परिवहन करते पाए गए।
अनियमितता पाए जाने पर तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से ईचागढ़ थाना में रखा गया है। जिला खनन विभाग ने बताया कि मामले में खनन अधिनियम तथा अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर की जाएगी।
Source : IPRD, Seraikella


