चंदा चोरी और MMDR Act के खिलाफ 26 सितंबर को रांची में कांग्रेस का हल्लाबोल, प्रदेश प्रभारी के. राजू भी होंगे शामिल

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JPCC) केंद्र सरकार की नीतियों, एमएमडीआर (MMDR) एक्ट संशोधन और कथित चंदा चोरी के मुद्दों को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी की ओर से 26 सितंबर को राजधानी रांची में लोकभवन मार्च और विशाल महाधरना का आयोजन किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी व राज्यस्तरीय आंदोलन को मजबूती देने के लिए कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे।
25 सितंबर को रांची पहुंचेंगे प्रदेश प्रभारी के. राजू
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू 25 सितंबर को हैदराबाद से रांची पहुंचेंगे। उनका विमान सुबह 11:10 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरेगा।
इसके पश्चात, वे दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रांची में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। वे रात्रि विश्राम रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में करेंगे।

शहीद स्थल से लोकभवन तक निकलेगा विरोध मार्च
कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए पार्टी के प्रवक्ताओं ने बताया कि 26 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से विरोध प्रदर्शन की शुरुआत होगी। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए एमएमडीआर एक्ट 2026 और चंदा चोरी के आरोपों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्थल पर एकत्रित होंगे।
वहां से प्रदेश प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में लोकभवन तक एक विशाल जन-मार्च निकाला जाएगा, जिसके बाद विशाल महाधरना आयोजित कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ हुंकार भरी जाएगी।


