कोकर में जमीन के नाम पर लाखों की ठगी, व्यवसायी को जान से मारने की मिली धमकी

राजधानी रांची के कोकर इलाके में जमीन सौदे के नाम पर एक कारोबारी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू अयोध्यापुरी निवासी व्यवसायी वीरेंद्र कुमार यादव की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में ओल्ड एचबी रोड के निवासी रामविलास शर्मा और उनके बेटे राजन शर्मा को नामजद आरोपी बनाया गया है।
शादी के लिए पैसे की जरूरत बताकर जमीन बेचने का दिया प्रस्ताव
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, आरोपी रामविलास शर्मा से उनका पुराना परिचय था। इसी वर्ष जनवरी में रामविलास ने अपनी बेटी के विवाह के लिए अर्जेंट पैसों की आवश्यकता का हवाला देते हुए कोकर मौजा स्थित लगभग डेढ़ कट्ठा जमीन को 45 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और 5 फरवरी को बाकायदा एग्रीमेंट तैयार कराया गया।
करार होने के बाद पिता-पुत्र की जोड़ी ने एडवांस और बयाना राशि के रूप में किस्तों में कुल 18.51 लाख रुपये ले लिए। यह भुगतान ऑनलाइन UPI, चेक और कैश के माध्यम से किया गया। हालांकि, जब कारोबारी ने पूरी रकम देने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने और कब्जा सौंपने की बात कही, तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
जमीन की कीमत घटाकर 36 लाख रुपये तय की गई
मामले में आगे चलकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, जिसमें आपसी सहमति से 15 जून को जमीन का अंतिम सौदा घटाकर 36 लाख रुपये तय कर दिया गया। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने 25 जून को चेक के जरिए और भी रकम चुका दी। फिर भी, आरोपियों ने न तो जमीन का बैनामा (रजिस्ट्री) कराया और न ही भूखंड पर मालिकाना हक का कब्जा दिया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
व्यवसायी वीरेंद्र कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने लाखों रुपये लेने के बाद भी जमीन न मिलने पर कड़ा विरोध जताया, तो रामविलास शर्मा और उनके पुत्र राजन शर्मा ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें किसी झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एग्रीमेंट, बैंक ट्रांसफर तथा अन्य कागजातों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


